
मल्लिकार्जुन खरगे और पीएम मोदी
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ‘पीएम मोदी नई-नई जगह जाकर फोटोशूट कराते हैं लेकिन वह मणिपुर जाकर लोगों को समझा नहीं सकते। मोदी जरूरतमंदों के बीच क्यों नहीं गए?’ बीते शीतकालीन सत्र में विपक्षी सांसदों के निलंबन पर खरगे ने कहा कि ‘जो सांसद शांत थे, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई। विपक्षी पार्टियों को संसद में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला।’
प्रधानमंत्री के मणिपुर नहीं जाने पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘मणिपुर में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, लेकिन पीएम मोदी वहां जाने के बजाय बीच पर चले गए। स्वीमिंग करते हुए फोटो सेशन कराया। निर्माणाधीन राम मंदिर पर फोटो खिंचाने चले गए या केरल और मुंबई चले गए। वह सभी जगह जा रहे हैं, आप भगवान के दर्शन की तरह सभी जगह उनकी तस्वीरें देख सकते हैं, लेकिन वह मणिपुर क्यों नहीं गए?’ भारत का उत्तर पूर्वी राज्य मणिपुर बीते कई महीनों से जातीय हिंसा से जूझ रहा है। मणिपुर के बहुसंख्यक मैतई समुदाय को जनजातीय आरक्षण का लाभ देने के फैसले के खिलाफ राज्य में हिंसा शुरू हुई थी, जिसमें अभी तक 180 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।
#WATCH | Congress president Mallikarjun Kharge says, “An unfortunate incident occurred in Manipur but PM Modi either went to the beach, had a photo session swimming, went for photos at the ongoing temple construction site or went to Kerala and Mumbai. He goes everywhere, you can… pic.twitter.com/Hzh1watE8e
— ANI (@ANI) January 6, 2024
‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो जारी
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का लोगो जारी किया। इस दौरान खरगे ने कहा कि भारत जोड़ों न्याय यात्रा, देशवासियों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने की ओर हमारा एक मजबूत कदम है। खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा ‘जब हमने संसद में देश से जुड़े मुद्दे उठाने की कोशिश की तो सरकार ने हमें बोलने नहीं दिया। देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब 146 सांसदों को निलंबित कर दिया गया। यही वजह है कि हम भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए लोगों के बीच जा रहे हैं ताकि हम उनकी बात सुन सकें और हमारी बात कह सकें।’ कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी से शुरू होगी। खास बात है कि राहुल गांधी द्वारा निकाली जा रही इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर की राजधानी इंफाल से होगी।







