गोरौल वैशाली जाहिद वारसी की रिपोर्ट।
लोकसभा चुनाव 2024 में शतप्रतिशत मतदान हो सके इसको लेकर स्कूली बच्चे भी मतदाता जागरूकता अभियान के जरिए आम मतदाताओं को मतदान करने को लेकर प्रेरित कर रहे हैं ।इसी क्रम में प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोदीपुर गोरौल के बच्चों ने चेतना सत्र के दौरान मतदान के महत्व विषय पर आयोजित चर्चा में भाग लिया। शिक्षक धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित चर्चा के दौरान बच्चों ने मतदाता कौन होंगे और मतदान कैसे करेंगे यह भी जाना। इस दौरान शिक्षक धर्मेंद्र ने बच्चों को बताया कि परिवार के वैसे लोग जिनकी उम्र 18 वर्ष या 18 वर्ष से अधिक हो गई है और जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल है वह मतदान कर सकते हैं ।सभी बच्चों ने अपने-अपने परिवार के मतदाताओं को मतदान के लिए न केवल तैयार करने की बात कही बल्कि मतदान के दिन सबसे पहले मतदान करने को लेकर मतदान केंद्र तक अपने दादा दादी ,माता पिता ,भाई भौजाई को लेकर जाने की बात की कही ।इस मौके पर बच्चों ने मतदाता चिन्ह को प्रदर्शित करने वाले कागज के मुकुट का भी प्रदर्शन किया। चार्ट पेपर की मदद से बच्चों द्वारा बनाए गए मुकुट पर तिरंगे के रंग में बने हाथ की अंगुलियों के साथ तर्जनी उंगली को प्रदर्शित किया। इस पर मतदान के बाद लगाए जाने वाले अमिट स्याही भी लगा है ।इस दौरान बच्चों ने “पहले मतदान फिर जलपान”, ” वोट देकर कर्तव्य निभाएं लोकतंत्र को मजबूत बनाएं “, “जब मतदाता जाएगा अपने बूथ तभी लोकतंत्र होगा मजबूत” जैसे नारे भी लगाए। चर्चा में वर्ग आठ की छात्रा सलोनी प्रिया, सुप्रिया, प्रियंका, अमीता, ऋषि, गुलशन सहित स्नेहा, प्रियांशु, रिद्धि, अनामिका, अभिजीत,सत्यम, पायल सहित अनेक बच्चों के साथ शिक्षक सुनील कुमार ठाकुर, आनंद कुमारी, ज्योति भारती, रिंकू कुमारी देवी, विपिन कुमार, रसोईया महादेव राय, चंदेश्वर राय आदि शामिल थे।








