सावन पूर्णिमा पर भाई बहन के अटूट प्यार के रिश्तों का त्योहार रक्षाबंधन शनिवार को गोरौल और आसपास के इलाकों में श्रद्धा और उत्साह के बीच मनाया गया। त्योहार पर बहनों ने भाई की कलाई पर राखी बांधी, मुंह मीठा कराया और आशीष दिए। भाई बहन के इस पर्व को लेकर पूरा इलाका उत्साह में लीन रहा।
गोरौल के हर इलाके में यह त्योहार सुबह से लेकर शाम तक धूमधाम से मना। भाई को प्यार और स्नेह भरा राखी बांधने के लिए बहने ससुराल से कठिन परिस्थिति में भी मायके पहुंची। उन्होंने शुभ मुहूर्त में भाई के कलाई पर रखी बांधकर मुंह मीठा कराया, नेग दिए और बलाएं ली। भाई का घर सुख समृद्धि से भरा रहे और जीवन में खुशहाली आए। इसके लिए आशीष दिए। इधर भाई ने भी बहनों को उपहार देकर उन्हें हर वक्त साथ देने और उनके सुख-दुख में मदद करने के लिए वचन दिया। पर्व को लेकर खासकर किशोर किशोरियों में उत्साह उमंग और उल्लास तो चरम पर रहा।








