बिहार के आयुष चिकित्सकों में तकनीकी सेवा आयोग द्वारा परीक्षा परिणाम प्रकाशित नहीं किए जाने को लेकर भारी नाराजगी है. इसी मुद्दे को लेकर आयुष चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण पासवान ने गोरौल में मुख्यमंत्री से स्थानीय विधायक के माध्यम से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और त्वरित समाधान की मांग की.
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि विज्ञापन संख्या 04/2020 एवं 05/2020 के तहत कुल 47 जीएएमएस आयुर्वेदिक डॉक्टरों की भर्ती परीक्षा का परिणाम अब तक जारी नहीं किया गया है. जबकि 16 मई 2025 को मंत्रीमंडल ने मद संख्या-32 में इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी थी. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आयोग को तीन बार पत्र भेजा, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी परिणाम प्रकाशित नहीं हुआ. आवेदन में मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि बिहार तकनीकी सेवा आयोग को शीघ्र निर्देशित किया जाए, ताकि जीएएमएस डॉक्टरों का परिणाम जल्द जारी हो सके. चिकित्सक द्वारा सौंपे गए आवेदन में स्वास्थ्य विभाग के पत्रों एवं मंत्रीमंडल की स्वीकृति से संबंधित दस्तावेजों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं, जिनमें,पत्र संख्या 764, तिथि 21 मई 2025,पत्र संख्या 16/ए 2-12/2013-800 आ.चि., तिथि 26 मई 2025,पत्र संख्या 16/ए 2-12/2013-874 आ.चि., तिथि 9 जून 2025,स्मार पत्र 874 आ.चि., तिथि 9 जून 2025तथा मंत्रीमंडल स्वीकृति दिनांक 16 मई 2025 (मद संख्या-32) का पत्र शामिल हैं.








