गोरौल : पटना से मुजफ्फरपुर जाने के क्रम में बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश का एनडीए कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने गोढ़िया चौक पर भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मंत्री को फूल-मालाओं से लाद दिया तथा बुके एवं अंगवस्त्र देकर उन्हें सम्मानित किया।
इस दौरान मंत्री श्री प्रकाश ने गाड़ी से उतरकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं जमीन से जुड़ा व्यक्ति हूँ और आपके हर दुख-दर्द को समझता हूँ। आपके किसी भी समस्या के समाधान के लिए मेरे दरवाजे 24 घंटे खुले हैं, आपको कभी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।”
30 साल से बंद आयुर्वेदिक अस्पताल को चालू करने की मांग
स्वागत कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने गोढ़िया चमन में जिला परिषद की खाली पड़ी डेढ़ एकड़ जमीन पर 50 बेड के आयुर्वेदिक अस्पताल के निर्माण हेतु मंत्री को एक ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि यहां पहले से आयुर्वेदिक अस्पताल संचालित था, जो लगभग 30 वर्ष पूर्व बंद हो गया और अब वह खंडहर में तब्दील हो चुका है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान एवं प्रताप राव जाधव की अनुशंसा के आलोक में यहाँ अस्पताल की स्थापना प्रस्तावित है। स्थानीय लोगों ने मंत्री से मांग की कि देसी चिकित्सा पद्धति के इस महत्वपूर्ण केंद्र का निर्माण अतिशीघ्र कराया जाए, जिससे सैकड़ों गांवों के लोगों को लाभ मिल सके।
स्वागत करने वाले प्रमुख चेहरा:
मंत्री का स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से शिवजी पटेल, मनोहर कुमार, संजय कुमार, सर्वेश कुमार, राजेश कुमार, राजगीर कुशवाहा सहित दर्जनों एनडीए कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।








