Home » बिहार » अवैध खनन का काल बना 10 फीट गहरा गड्ढा, इकलौते मासूम बेटे की डूबने से मौत, पसरा मातम।

अवैध खनन का काल बना 10 फीट गहरा गड्ढा, इकलौते मासूम बेटे की डूबने से मौत, पसरा मातम।

गोरौल (वैशाली)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रामपुर सरोतर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अवैध रूप से खोदे गए एक गहरे गड्ढे में डूबने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान अरविंद महतो के पुत्र सत्यम कुमार के रूप में हुई है। सत्यम प्राथमिक विद्यालय रामपुर सहोतर में कक्षा 7 का छात्र था।
खेलने के दौरान हुआ हादसा
परिजनों के अनुसार, बुधवार को स्कूल से लौटने के बाद सत्यम खेलने निकला था। देर शाम तक वापस न आने पर जब खोजबीन शुरू हुई, तो गांव में ही पानी से लबालब भरे एक गड्ढे के किनारे उसका चप्पल मिला। अनहोनी की आशंका पर ग्रामीणों ने पानी में तलाश की, जहां देर रात सत्यम का शव बरामद हुआ।
पांच बहनों के बाद जन्म, मां का रो-रोकर बुरा हाल
सत्यम का जन्म पांच बहनों के बाद हुआ था, वह माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। मां दौलत देवी और दादा का रो-रोकर बुरा हाल है। दादा ने बिलखते हुए कहा कि यह गड्ढा इतना जानलेवा है कि इंसान तो क्या, जानवर भी गिर जाए तो जिंदा नहीं निकल सकता।
नियमों को ताक पर रखकर किया गया अवैध खनन
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के ही अखिलेश सिंह द्वारा जेसीबी से नियम विरुद्ध करीब 10 फीट से अधिक गहरा गड्ढा खोदकर मिट्टी निकाली गई थी। बीच गांव में सुरक्षा के बिना इतना गहरा गड्ढा खोदना जानलेवा साबित हुआ। लोगों का कहना है कि प्रशासन की अनदेखी और अवैध मिट्टी खनन के कारण आज एक मासूम की जान चली गई।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

bharatdarshan24
Author: bharatdarshan24

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share This