गोरौल (वैशाली)। प्रखंड के पिरापुर मथुरा गांव स्थित पुस्तकालय प्रांगण में जनता दल (यूनाइटेड) के प्रखंड अध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस चुनाव में सर्वसम्मति से उमेष प्रसाद सिंह उर्फ भगवान सिंह को एक बार फिर गोरौल जदयू का प्रखंड अध्यक्ष चुना गया है। यह लगातार तीसरी बार है जब वे इस पद के लिए निर्वाचित हुए हैं।
निर्विरोध हुआ निर्वाचन
पार्टी द्वारा मनोनीत प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी अमन कुमार मेहता और प्रखंड पर्यवेक्षक रविन्द्र प्रसाद सिंह की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन प्रक्रिया के दौरान उमेश प्रसाद सिंह ने अपने प्रस्तावक राम किशोर सिंह के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। तय समय सीमा के भीतर उनके अलावा किसी अन्य कार्यकर्ता ने अपनी दावेदारी पेश नहीं की। नामांकन पत्रों की जांच और सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद, चुनाव अधिकारियों ने उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित करते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंप दिया।
फूल-मालाओं से हुआ भव्य स्वागत
उमेश प्रसाद सिंह के नाम की घोषणा होते ही परिसर ‘जदयू जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि उनके कुशल नेतृत्व के कारण ही पार्टी ने उन पर तीसरी बार भरोसा जताया है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से पंकज सिंह, अविनाश कुमार लड्डू, राघवेन्द्र सिंह, वैधनाथ प्रसाद सिंह, लक्ष्मी कुमारी, उप प्रमुख रोहित पटेल, पवन कुमार सिंह, विक्रम कुमार सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।








