Home » बिहार » एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने दुल्हन को मारी गोली, हालत नाजुक,आरोपी हुआ गिरफ्तार

एकतरफा प्यार में पागल आशिक ने दुल्हन को मारी गोली, हालत नाजुक,आरोपी हुआ गिरफ्तार

बिहार के बक्सर जिले के चौसा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब जयमाला की रस्म के दौरान एक सिरफिरे युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। वारदात 24 फरवरी की रात की है। अचानक हुई इस फायरिंग से विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पेट में लगी गोली, वाराणसी में इलाज जारी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब जयमाला की रस्म चल रही थी, तभी आरोपी ने नजदीक से दुल्हन पर फायरिंग कर दी। गोली दुल्हन के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजनों ने उसे इलाज के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है।
शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर दी वारदात को अंजाम
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी दीनबंधु को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था। शादी तय होने से पहले उसने युवती के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा था, जिसे युवती ने ठुकरा दिया था। इसी बात से नाराज होकर उसने दुल्हन की हत्या की साजिश रची।
यूपी से खरीदा था हथियार
आरोपी ने खुलासा किया है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार उसने उत्तर प्रदेश से खरीदा था। बक्सर पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

bharatdarshan24
Author: bharatdarshan24

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share This