गोरौल (वैशाली)। शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने और जब्त उत्पादों के निष्पादन को लेकर रविवार को गोरौल थाना परिसर में भारी मात्रा में विदेशी शराब को नष्ट किया गया। वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार, पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कुल 6,709 लीटर विदेशी शराब का विनिष्टिकरण किया गया।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई दो अलग-अलग कांडों में जब्त की गई खेप पर की गई है:
कांड संख्या 453/25: इसमें जब्त 719 लीटर शराब को नष्ट किया गया।
कांड संख्या 23/26: इस बड़े मामले में जब्त 5,990 लीटर शराब को विनिष्ट किया गया। शराब विनिष्टिकरण की यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी (CO) दिव्या चंचल, मद्य निषेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और थानाध्यक्ष सुनील कुमार की प्रत्यक्ष निगरानी में संपन्न हुई। थाना परिसर में ही एक गड्ढा खोदकर जेसीबी मशीन के जरिए शराब की एक-एक बोतल को तोड़कर नष्ट किया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी जब्त किए गए अन्य नशीले पदार्थों का इसी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत निपटारा किया जाएगा।








