गोरौल (वैशाली):
हिंदुओं का महान पर्व और रंगों का त्यौहार होली पूरे क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह होते ही चारों तरफ रंग और अबीर उड़ने लगे। इस दौरान सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहाँ लोगों ने आपसी गिले-शिकवे और पुरानी दुश्मनी को भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाया और होली की ढेरों बधाइयां दीं।
क्षेत्र के गोरौल गांव, कर्पूरी चौक, सोन्धो, अंधारिगाछी, कटरमाला, प्रेमराज, इनायतनगर, रामदासपुर, आदमपुर, गोढीया और बेलवर आदि गांवों में प्रेम एवं भाईचारे का यह पर्व पूरे परवान पर रहा। फागुन के इस मस्ती भरे माहौल में युवाओं और बुजुर्गों की टोलियां झाल, नगाड़े और डम्फ की थाप पर थिरकती नजर आईं। ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक होली गीतों के साथ-साथ ‘जोगीरा’ के सुरों ने उत्सव के आनंद को दोगुना कर दिया। क्या बच्चे और क्या बुजुर्ग, हर कोई होली के चटख रंगों में सराबोर नजर आया। राहत की बात यह रही कि पूरे क्षेत्र में त्यौहार शांतिपूर्ण रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस पूरी तरह चौकस दिखी। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती और गश्त के कारण लोग निर्भय होकर उत्सव मनाते दिखे।








