गोरौल (वैशाली)। स्थानीय पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक पर की गई छापेमारी के दौरान हुई।
रिपोर्ट: जाहिद वारसी
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बीते 27 फरवरी को पुलिस ने धाने गोरौल गांव में सघन छापेमारी की थी। उस दौरान भारी मात्रा में (लगभग 600 लीटर) विदेशी शराब बरामद की गई थी। पुलिस तभी से इस मामले में संलिप्त अभियुक्तों की तलाश कर रही थी।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धाने गोरौल गांव निवासी राहुल कुमार को कर्पूरी चौक से दबोच लिया। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस की इस मुस्तैदी से इलाके के शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।








