Home » बिहार » गोरौल थानाध्यक्ष ने बच्चों को सिखाए सुरक्षा के गुर, बच्चा चोरी की अफवाहों से बचने की दी सलाह।

गोरौल थानाध्यक्ष ने बच्चों को सिखाए सुरक्षा के गुर, बच्चा चोरी की अफवाहों से बचने की दी सलाह।

गोरौल (वैशाली): प्रखंड क्षेत्र का उत्क्रमित मध्य विद्यालय लोदीपुर इन दिनों न केवल पठन-पाठन, बल्कि सामाजिक जागरूकता की गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। प्रधानाध्यापक विनोद कुमार के नेतृत्व में यहाँ का शैक्षिक वातावरण लगातार बेहतर हो रहा है।
इसी कड़ी में, क्षेत्र भ्रमण के दौरान थानाध्यक्ष सुनील कुमार विद्यालय पहुंचे। उनका उद्देश्य बच्चों को ‘बच्चा चोरी’ की अफवाहों के प्रति सचेत करना था। विद्यालय पहुँचने पर थानाध्यक्ष एवं उनके साथ आए पुलिस बल का बच्चों और शिक्षकों ने भव्य स्वागत किया। बच्चों ने पुष्प वर्षा, वेलकम ताली और स्वागत गान व नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी, वहीं प्रधानाध्यापक ने थानाध्यक्ष को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
अफवाहों से रहें सावधान, पुलिस रखेगी नजर
बच्चों को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि “बच्चा चोरी की खबरें महज एक अफवाह हैं, इनसे डरने की जरूरत नहीं है। हालांकि, सतर्कता जरूरी है। अनजान लोगों के बहकावे में न आएं।” उन्होंने आश्वासन दिया कि स्कूल के समय में पुलिस की गश्ती गाड़ी विशेष नजर रखती है।
नशामुक्त समाज के ‘ब्रांड एंबेसडर’ बनेंगे बच्चे
पुलिस सप्ताह के दौरान बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स, विशेषकर नशाबंदी पर आधारित चित्रों को देख थानाध्यक्ष बेहद प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने में बच्चों की भूमिका सबसे अहम है। यदि बच्चे अपने परिवार के सदस्यों से प्यार से नशा छोड़ने का आग्रह करेंगे, तो इसका गहरा प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बच्चों को अपने विद्यार्थी जीवन के संघर्षों की कहानी सुनाकर प्रेरित भी किया।
शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका ज्योति भारती ने किया। इस अवसर पर शिक्षिका विभा रानी, रिंकू कुमारी, शिक्षक बिपिन कुमार, सुजीत कुमार और आदित्य नारायण सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। शिक्षकों की इस टीम की थानाध्यक्ष ने सराहना की।

bharatdarshan24
Author: bharatdarshan24

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share This