गोरौल (वैशाली)।
नगर पंचायत गोरौल में प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। बुधवार को कार्यपालक पदाधिकारी अर्चना कुमारी के नेतृत्व में गोरौल बाजार की विभिन्न दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। इस दौरान प्लास्टिक की थैलियों में सामान बेचते पाए गए 16 दुकानदारों पर कुल 2550 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया।
जुर्माने की जद में आने वाले दुकानदारों में अम्बुज कुमार, मंकज कुमार, मो. राजू, मो. जुनैद आलम, राजेश कुमार, आनंद किशोर, अजित कुमार उर्फ बब्लू, सुमित कुमार और मनीष कुमार समेत अन्य शामिल हैं।कार्यपालक पदाधिकारी ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर प्लास्टिक की थैलियां पूरी तरह प्रतिबंधित हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि भविष्य में केवल सिंगल यूज बैग (कपड़े या जूट के थैले) का ही प्रयोग करें। यदि दोबारा कोई दुकानदार प्लास्टिक बैग का उपयोग करते पकड़ा गया, तो उससे अधिक जुर्माना वसूला जाएगा।
इस छापेमारी अभियान में स्वच्छता पदाधिकारी साक्षी, सफाई जमादार दीपक कुमार सिंह, विकास कुमार, राज किशोर समेत नगर पंचायत के अन्य कर्मी मुख्य रूप से शामिल थे।
रिपोर्ट: जाहिद वारसी








