Home » बिहार » गोरौल में बिजली विभाग की टीम पर हमला, अवैध बिजली चोरी रोकने गई टीम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी

गोरौल में बिजली विभाग की टीम पर हमला, अवैध बिजली चोरी रोकने गई टीम के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी

गोरौल (वैशाली): बिहार के वैशाली जिला अंतर्गत गोरौल थाना क्षेत्र के रशूलपुर कोरिगाव बंगरी गाँव में बिजली चोरी के खिलाफ छापेमारी करने गई विद्युत विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है। इस संबंध में पिरोई विद्युत फीडर के कनीय अभियंता (JE) राकेश कुमार ने गोरौल थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
अवैध बिजली के खिलाफ कार्रवाई पर भड़के परिजन
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, रशूलपुर कोरिगाव निवासी विश्वनाथ पासवान के घर में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जब विभाग के मानव बल मुन्ना कुमार, राजेश कुमार, वसीम और इंद्रजीत कुमार जांच करने पहुंचे, तो गृहस्वामी के परिजनों ने उनके साथ दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि विश्वनाथ पासवान के पुत्र सत्येंद्र कुमार और राजकुमार ने टीम के सदस्यों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
हजारों का बकाया और जुर्माना
विद्युत विभाग के अनुसार, विश्वनाथ पासवान पर विभाग का लगभग 27,557 रुपये बकाया है, जिसे लेकर बिजली चोरी की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त, इसी गाँव के संजय पासवान को भी अवैध ढंग से बिजली जलाते हुए पकड़ा गया, जिन पर विभाग ने 9,500 रुपये का जुर्माना लगाया है।
पुलिस कर रही कार्रवाई
गोरौल थाना पुलिस ने दोनों मामलों में विद्युत विभाग की शिकायत पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।
रिपोर्ट: जाहिद वारसी

bharatdarshan24
Author: bharatdarshan24

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share This

Recent Post