गोरौल (वैशाली): गोरौल थाना क्षेत्र के हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग स्थित गोरौल चौक पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार बोलेरो ने मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे एक टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में टोटो पर सवार दो महिलाएं और एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को गोरौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया गया है।जख्मियों की पहचान गोरौल थाने के हरशेर गांव निवासी अफरोज अहमद की पत्नी रौशन खातून (45 वर्ष), उनकी पुत्री नाज प्रवीण (22 वर्ष) और दो वर्षीय नाती सफफान के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि सभी घायल टोटो से मुजफ्फरपुर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।








