पटना। राजकीय उर्दू मध्य विद्यालय सकरी गली गुलज़ारबाग पटना में रविवार को विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित कर विद्यालय एवं छात्र-छात्राओं के हृदय सम्राट शिक्षक मो० मोअज़्ज़म आरिफ को बी०पी०एस०सी० से उच्चतर माध्यमिक शिक्षक बनकर वैशाली जाने कारण विद्यालय से विदाई दी गई। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजय कुमार ने भावपूर्ण शब्दों में उनके कार्यों को स्मरण करते हुए अश्रुपूरित हुए और कर्मठता त्याग सहाशी सरल स्वभाव बच्चों के हित के लिए क्रोधित होने जैसे प्रशंसनीय कार्यों को याद किया एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया। विद्यालय शिक्षा समिति की सचिव श्रीमती साबरीन खातून ने श्रीफल देकर उन्हें सम्मानित किया और कहा कि आरिफ अपने क्रियात्मक कलात्मक रचनात्मक कार्यों के लिए सदैव याद किए जाते रहेंगे। दिलीप कुमार प्रधानाध्यापक मध्य विद्यालय नगरा ने शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि बच्चों की उपस्थिति शत प्रतिशत रखने एवं पठन-पाठन कार्य को दुरुस्त करने के लिए जो कार्य शिक्षा विभाग आज कर रही है वह कार्य पिछले कई वर्षों से श्री आरिफ करते आ रहे हैं। शबाना परवीन तालीमी मरकज़ शिक्षा सेवी ने कहा कि शैक्षिक एवं गैर शैक्षिक कार्यों को सहर्ष कार्य योजना से निष्पादन करने के कारण समाज एवं शिक्षा जगत में उनकी विशिष्ट पहचान है। शिक्षिका श्रीमती ममता कुमारी ने बलहित एवं सकारात्मक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। श्रीमती नसरीन परवीन शिक्षिका मध्य विद्यालय नरकट घाट ने कहा कि वह विद्यालय वह क्षेत्र वह प्रखंड जिला खुशनसीब है जहां उनकी नियुक्ति हुई है। आफरीन परवीन शिक्षिका प्राथमिक विद्यालय मठ गुलजारबाग ने कहा कि श्री आरिफ पठन-पाठन के साथ-साथ लोगों की खूब मदद करते हैं। श्री आरिफ ने कहा कि वह स्कूल से जा रहे हैं मगर बच्चों एवं सभी शिक्षकों से उनका पारिवारिक भावनात्मक लगाव हमेशा रहेगा। शिक्षिका श्रीमती कौसर जहां ने बताया कि काश हर स्कूल में एक अदद मोअज़्ज़म आरिफ जैसा शिक्षक होता। यह समय के बहुत ही पाबंद रहे। श्री आरिफ को शिक्षकों के लिए आदर्श बताया।








