वैशाली (गोरौल)। संवादाता: जाहिद वारसी
गोरौल थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के कटरमाला गांव में छापेमारी कर 40 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने एक कारोबारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका पुत्र भागने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटरमाला गांव में एक व्यक्ति अपने पुत्र के साथ मिलकर विदेशी शराब का अवैध कारोबार कर रहा है और घर में स्टॉक रखकर उसे धीरे-धीरे खपा रहा है। सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम गांव पहुंची, तो पुलिस की गाड़ी देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा। मुस्तैद पुलिस बल ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।पकड़े गए व्यक्ति की पहचान कटरमाला निवासी गंगा सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने जब आरोपी के घर की तलाशी ली, तो वहां से पांच कार्टूनों में रखी मैजिक मूवमेंट ब्रांड की विभिन्न बोतलों में कुल 40 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस धंधे में शामिल आरोपी का पुत्र गौरव कुमार मौके से फरार होने में कामयाब रहा। गिरफ्तार गंगा सिंह को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, वहीं फरार आरोपी गौरव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।








