गोरौल (वैशाली)। रिपोर्ट: जाहिद वारसी
गोरौल नगर पंचायत में उस समय हड़कंप मच गया जब ड्यूटी के दौरान नशे में धुत एक स्वच्छता साथी (स्वच्छता ग्राही) को पुलिस ने हंगामा करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भटौलीया गांव निवासी राजेश कुमार उर्फ बरुन साह के रूप में हुई है, जो नगर पंचायत में स्वच्छता ग्राही के पद पर कार्यरत है।
आम लोगों के साथ कर रहा था गाली-गलौज
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि राजेश कुमार अक्सर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में रहता था। वह नगर पंचायत कार्यालय में आने-जाने वाले आम लोगों और कर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था, जिससे स्थानीय लोग काफी परेशान थे। शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे नशे की हालत में धर दबोचा।
कार्यपालक पदाधिकारी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने बताया कि उन्हें स्वच्छता साथी की गिरफ्तारी की सूचना मिली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी कार्य में इस तरह की अनुशासनहीनता और नशाखोरी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उक्त कर्मी के विरुद्ध विभाग द्वारा नियमानुकूल सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।








