गोरौल (वैशाली)।प्रखंड क्षेत्र में आगामी 26 अगस्त को इस्लाम धर्म के प्रवर्तक पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का 1457वां जन्म दिवस (ईद-मिलाद-उन-नबी) बेहद अकीदत और उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस विशेष ऐतिहासिक अवसर को लेकर पूरे मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में भारी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।क्षेत्र के हरशेर, मखदुमपुर, मनपुरा, इनायतनगर, गुलजार बाग, पोझा, और कटरमाला सहित कई गांवों के मुस्लिम भाइयों ने बताया कि इस बार मोहम्मद साहब के जन्मदिन के मौके पर एक बेहद भव्य और आकर्षक जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। इस पारंपरिक जुलूस को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं, जिसमें हाथी, घोड़े और गाजे-बाजे मुख्य आकर्षण होंगे।स्थानीय युवाओं और कमेटियों द्वारा सड़कों और मस्जिदों को आकर्षक रोशनी (लाइटिंग) से सजाया जा रहा है। जुलूस के अलावा इस पाक मौके पर विभिन्न जगहों पर जलसे का भी आयोजन किया जाएगा, जहां उलेमा-ए-किराम मोहम्मद साहब की जीवनी, उनकी शिक्षाओं और शांति व भाईचारे के संदेश पर प्रकाश डालेंगे। शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने को लेकर कमेटियों के सदस्य लगातार बैठकें कर रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।








