गोरौल (वैशाली)। प्रखंड स्थित थाना परिसर के बाबा शंभूनाथ धाम मंदिर में सावन की अंतिम सोमवारी के पावन अवसर पर भव्य रुद्राभिषेक और विवाह कीर्तन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर सुबह से ही मंदिर परिसर का माहौल पूरी तरह शिवमय और भक्तिमय बना रहा।सावन महीने के अंतिम सोमवार को देखते हुए बाबा शंभूनाथ का विशेष भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोचार के साथ विधि-विधान से महा रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। पूजा के उपरांत कलाकारों और स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा भव्य विवाह कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें शिव-पार्वती विवाह प्रसंग के भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु झूमते नजर आए।इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्थानीय विधायक सिद्धार्थ पटेल शामिल हुए। इसके साथ ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष धनवंती देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष भगवान सिंह, राघवेंद्र सिंह, दीपक कुमार, रवि कुमार सिंह, नीतू कुमारी, अशोक कुमार और त्रिविक्रम कुमार सिंह राघवेंद्र कुमार सिंह ने भी बाबा भोलेनाथ के दरबार में हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया।पुलिस प्रशासन की ओर से गोरौल थानेदार सुनील कुमार के साथ-साथ एसआई रंजीत कुमार, एसआई अशोक दुबे, शिवम कुमारी और गोरौल थाना के सभी चौकीदारों सहित अन्य पुलिस अधिकारियों व जवानों ने पूजा-अर्चना की और सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ भीड़ नियंत्रण की कमान संभाली।मौके पर मौजूद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और सुख-समृद्धि की कामना की। अनुष्ठान की समाप्ति पर उपस्थित सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।








