गोरौल नगरपंचायत के वार्ड 10 में स्थित हनुमान मंदिर का स्थापना दिवस समारोह प्रत्येक वर्ष धूमधाम से मनाया जाता है। इसी मौके पर रविवार को मंदिर परिसर में धूमधाम से महाष्टयाम यज्ञ का आयोजन किया गया। यह अष्टयाम यज्ञ का समापन 24 घंटे पश्चात सोमवार को फिर विधि-विधान के साथ संपन्न होगा।जानकारी अनुसार रविवार को अहले सुबह से श्रद्धालुओं ने हनुमान जी की प्रतिमा पर दुग्ध एवं जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की जिनमें महिला एवं युवती श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रही।
तत्पश्चात आचार्य आलोक कुमार झा के मार्गदर्शन में पंडितों ने पूजा विधि का सनातन विधि- विधान से वैदिक संकल्प विधान कराया। हनुमान मंदिर के इस धार्मिक वैदिक अनुष्ठान में महादलित परिवार के सुरेश चौधरी, माधुरी देवी,विकास कुमार सपत्नी ने यजमान के रूप में मंत्रोच्चार कर महायज्ञ का संकल्प ग्रहित किया। यजमान के संकल्प अनुष्ठान समाप्ति होने के साथ ‘जय श्रीराम जय जय हनुमान, गौरीशंकर सीताराम’ के धार्मिक धुन से वातावरण गुंजयमान हो गया। इस अनुष्ठान कार्यक्रम संचालक मंडली में धीरज श्रीवास्तव, रंजीत कुमार झा,विकास झा, चंचल कुमार,अभिषेक कुमार,आदि का नाम उल्लेखनीय है।








