गोरौल (वैशाली)।
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग (NH-22) पर गोरौल थाना के ठीक सामने एक अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार दो व्यक्ति बुरी तरह जख्मी हो गए। घायलों की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के चकाकु गांव निवासी 62 वर्षीय दिनेश राय और 60 वर्षीय रामप्रवेश राय के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति बाइक पर सवार होकर किसी पूजा समारोह में ‘मानर’ बजाने के लिए फकुली जा रहे थे। जैसे ही वे गोरौल थाना के समीप पहुंचे, उनकी बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोरौल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दिनेश राय की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया है।
रिपोर्ट: जाहिद वारसी








