गोरौल (वैशाली)।
हाजीपुर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग (NH-22) पर हरशेर गांव के समीप बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान हरशेर गांव निवासी स्वर्गीय मोहम्मद इब्राहिम की पत्नी के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला बीमार थी और डॉक्टर से इलाज कराकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान मुजफ्फरपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में सफल रहा। मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना मिली है, हालांकि मृतका के परिजनों द्वारा अभी तक इस संबंध में कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: जाहिद वारसी, गोरौल।








