गोरौल (वैशाली):नगर पंचायत गोरौल में प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर एक गरीब परिवार से ठगी करने का गंभीर मामला सामने आया है। गोरौल वार्ड संख्या 11 के वार्ड पार्षद चंदू साह पर योजना का लाभ दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर ₹10,000 ठगने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़ित पिता ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।वहीं इस पूरे मामले पर उपमुख्य पार्षद धनवंती देवी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा है कि नगर पंचायत में जो लोग भी इस तरह की अवैध उगाही या भ्रष्टाचार करेंगे, उन्हें कतई बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।”बिना पैसे नहीं मिलेगा आवास का भुगतान”कार्यपालक पदाधिकारी को सौंपे गए आवेदन में बहादुरपुर थाना गोरौल निवासी संजय साह (पिता- हरिनाथ साह) ने बताया कि उनकी पुत्री शिवानी कुमारी (पति- रवि कुमार, निवासी गोरौल वार्ड-10) ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि इसके बाद वार्ड-11 के पार्षद चंदू साह ने महिला के परिवार से संपर्क किया और कहा कि नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी बिना पैसे लिए आवास योजना की राशि का भुगतान नहीं करेंगे।एक साल बीतने पर भी नहीं मिला लाभपीड़ित संजय साह का आरोप है कि वार्ड पार्षद ने उन्हें अपने झांसे में लिया और करीब एक साल पहले ₹10,000 की नकद राशि ऐंठ ली। राशि दिए जाने के एक साल बाद भी उनकी बेटी को प्रधानमंत्री आवास योजना का कोई लाभ नहीं मिला। पीड़ित ने बताया कि उनकी पुत्री बेहद गरीब है और उसे इस योजना की सख्त जरूरत है।कानूनी कार्रवाई की मांग पीड़ित पिता ने कार्यपालक पदाधिकारी से मामले की जांच कर उचित न्याय करने की अपील की है। आवेदन में मांग की गई है कि मामले को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाए और पैसे हड़पने वाले वार्ड पार्षद चंदू साह के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उपमुख्य पार्षद के कड़े आश्वासन के बाद अब पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिलने की उम्मीद है।








