
गोरौल (वैशाली)। नगर पंचायत गोरौल के वार्ड नंबर 10 स्थित पंचायत भवन में एक दिवसीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके ऑन-स्पॉट निवारण का प्रयास किया गया। हालांकि, शिविर में आम जनता की उपस्थिति उम्मीद से काफी कम रही और विभिन्न विभागों को मिलाकर मात्र 30 आवेदन ही प्राप्त हो सके। *सड़क व आवास के लिए पहुंचे आवेदन।*
शिविर में पहुंचे कुल आवेदनों में सबसे अधिक सड़क निर्माण से जुड़े मामले रहे। विभिन्न वार्डों की सड़कों के निर्माण व मरम्मत को लेकर कुल 10 आवेदन जमा किए गए। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (पूर्व में इंदिरा आवास) का लाभ लेने के लिए कार्यपालक पदाधिकारी को मात्र 6 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा, इंडियन गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं ने भी अपनी गैस आपूर्ति व अन्य तकनीकी समस्याओं को लेकर लिखित रूप में शिकायतें दर्ज कराईं। *आवेदनों की जांच कर होगा त्वरित समाधान*
मौके पर मौजूद कार्यपालक पदाधिकारी अर्चना कुमारी ने बताया कि शिविर में प्राप्त सभी 30 आवेदनों को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि इन सभी आवेदनों की जमीनी स्तर पर गहन जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार त्वरित समाधान के लिए इन्हें आगे संबंधित उच्च अधिकारियों और विभागों को भेज दिया जाएगा। *शिविर में प्रशासनिक टीम व जनप्रतिनिधि रहे मुस्तैद*
सहयोग शिविर में मुख्य रूप से कार्यपालक पदाधिकारी अर्चना कुमारी, मुख पार्षद नागेंद्र दास और इनके अलावा कनीय अभियंता (जेई) दिलीप पासवान, लेखपाल आलोक कुमार, दीपक कुमार सफाई जमादार, पार्षद प्रतिनिधि मोहन चौरसिया एवं रवि महतो, इंडियन गैस एजेंसी के धर्मेंद्र कुमार, आवास सहायक मुकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, राजकिशोर, सौरभ कुमार, विकास कुमार, पंकज कुमार सुपरबाइजर अशोक कुमार सिंह , तथा वार्ड नंबर 9 के वार्ड पार्षद मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग और कर्मी उपस्थित थे।







