गोरौल (वैशाली)। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए वैशाली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने संयुक्त रूप से गोरौल थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सशस्त्र बलों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ फ्लैग मार्च किया। इस मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता के बीच सुरक्षा का भरोसा जगाना था।संवेदनशील इलाकों का लिया जायजापुलिस और प्रशासन का यह काफिला गोरौल थाना क्षेत्र के इनायत नगर, चकब्यास रोड, गोरौल-भगवानपुर मार्ग तथा बहादुरपुर सहित कई इलाकों से गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान आला अधिकारियों ने क्षेत्र के चिन्हित संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों का स्वयं निरीक्षण किया और वहां तैनात सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।कमेटी सदस्यों और आयोजकों से संवादमार्च के दौरान डीएम और एसपी ने स्थानीय मस्जिद कमिटी के सदस्यों तथा लाइसेंसधारी जुलूस आयोजकों के साथ मुलाकात की। अधिकारियों ने सभी से अपील करते हुए कहा कि वे इस पर्व को पारंपरिक श्रद्धा, आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। इसके साथ ही उन्होंने जुलूस के दौरान सरकारी और प्रशासनिक निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाईजिला एवं पुलिस प्रशासन ने असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर ड्रोन और खुफिया तंत्र के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। माहौल बिगाड़ने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पकड़े जाने पर उनके खिलाफ त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।— जाहिद वारसी (संवाददाता)








