गोरौल (वैशाली) प्रखंड परिसर में मंगलवार को ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक विशेष राहत शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) पंकज कुमार निगम के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय अधिकारियों और प्रखंड प्रमुख मुन्ना कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। इस दौरान उपस्थित अतिथियों द्वारा टीबी से पीड़ित 25 नए मरीजों के बीच विशेष पौष्टिक आहार किट का वितरण किया गया।यह पूरा अभियान स्थानीय अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार एवं स्वास्थ्य प्रबंधक रेणु कुमारी की सीधी देखरेख में चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में 25 मरीजों को पोषण सामग्री दी गई है, जबकि इससे पूर्व भी 40 मरीजों को यह सहायता दी जा चुकी है। इसे मिलाकर प्रखंड में अब तक कुल 65 टीबी पीड़ित मरीजों को इस अभियान से जोड़ा जा चुका है।मरीजों को बीमारी से लड़ने और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक बड़े प्लास्टिक के डिब्बे में पैक करके राशन दिया गया। इस किट में 30 पीस अंडा, चना दाल, सोयाबीन और सरसों का तेल सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्यवर्धक सामग्रियां शामिल थीं। डॉक्टरों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि मरीजों को समय पर सही पोषण मिलता रहे।प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार और स्वास्थ्य प्रबंधक रेनू कुमारी ने बताया कि टीबी को जड़ से खत्म करने के लिए प्रखंड के प्रशासनिक अधिकारियों ने इन मरीजों को गोद लिया है। वे इनकी दवा और खान-पान की निगरानी करेंगे।इस मौके पर मरीजों का हौसला बढ़ाने के लिए सीडीपीओ, राजस्व अधिकारी (RO) दिव्या चंचल, कार्यपालक पदाधिकारी (EO) अर्चना कुमारी, पीओ चितरंजन कुमार, अंचलाधिकारी (CO) सीमा, थानाध्यक्ष सुनील कुमार रंजन, बीसीओ अमित कुमार चौधरी, बीडब्ल्यूओ ज्ञान रंजन, बीपीआरओ निशा सागर, विवेक कुमार, विक्रम कुमार, अशोक कुमार और संतोष सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी और स्थानीय लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।(रिपोर्ट: जाहिद वारसी)








