गोरौल (वैशाली)। प्रखंड क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों में तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोरौल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया है।मिली जानकारी के अनुसार, पहली दुर्घटना गोरौल ओवरब्रिज गंज हाट के समीप हुई। बेलसर थाने के राममठ गांव निवासी रघुवीर सहनी और मुन्ना गिरी अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओवरब्रिज के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बीच सड़क पर गिरकर बुरी तरह लहूलुहान हो गए।वहीं, दूसरी दुर्घटना गोरौल चौक पर घटित हुई। गोरौल थाने के लक्ष्मीनारायणपुर गांव निवासी शिवजी पासवान किसी निजी काम से गोरौल चौक आए हुए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में शिवजी पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।(रिपोर्ट: जाहिद वारसी)








