गोरौल (वैशाली)। थाना क्षेत्र के पोझा बभनटोली गांव में घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपने ही बुलावे पर मायके से ससुराल लौटी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसका सिर फोड़ दिया। लहूलुहान हालत में महिला का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कराया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।इस संबंध में पीड़ित महिला गुड़िया देवी ने गोरौल थाने में लिखित शिकायत कर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि वह बीते रविवार को मायके से अपने ससुराल पोझा बभनटोली आई थी। उसे उसके पति ने ही फोन कर ससुराल बुलाया था। लेकिन जैसे ही वह घर पहुंची, पति ने बिना किसी कारण के उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और मारकर उसका सिर फोड़ दिया।12 साल से सह रही थी जुल्म:पीड़िता ने पुलिस के सामने अपनी दर्दनाक दास्तां बयां करते हुए आरोप लगाया कि उसका पति पिछले 12 वर्षों से उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है। वह बच्चों और परिवार की खातिर लगातार इस सामाजिक और शारीरिक प्रताड़ना को झेल रही थी, लेकिन इस बार पति ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं।थानाध्यक्ष का बयान और कार्रवाई:मामले की पुष्टि करते हुए गोरौल थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित महिला के आवेदन के आधार पर घरेलू हिंसा और जानलेवा हमले की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी पति शशिभूषण कुमार को उसके गांव पोझा बभनटोली से गिरफ्तार कर लिया। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने आगे बताया कि आरोपी की चिकित्सीय जांच कराने के बाद उसे हाजीपुर जेल भेज दिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।








