गोरौल थाना क्षेत्र के गोरौल गांव में आपसी विवाद और रंगदारी को लेकर एक विधवा महिला को मारपीट कर बुरी तरह जख्मी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जख्मी महिला का इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोरौल में कराया गया है।इस संबंध में पीड़ित महिला रंजु देवी द्वारा गोरौल थाने में एक लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज मामले में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उन्हें सरकार की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर बनाने के लिए राशि मिली थी। इसी राशि को लेकर गांव के ही कुछ लोग अचानक उनके पास आ धमके और रंगदारी के रूप में 50 हजार रुपये की मांग करने लगे।जब पीड़िता ने इसका विरोध करते हुए कहा, “मैं एक असहाय विधवा महिला हूँ, मेरे पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। मैं इतने पैसे कहाँ से दूँगी? जो राशि मिली है, उसी से अपना घर बना रही हूँ।” इतना सुनते ही आरोपी आगबबूला हो गए।कपड़े फाड़े, जेवर और नकदी लूटी पीड़िता का आरोप है कि इनकार करने पर सभी आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडे से जानलेवा हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह पीटकर लहूलुहान कर दिया। बर्बरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने महिला के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर घसीटा और उनके कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने उनके गले से सोने का जितिया और मजदूरों को मजदूरी देने के लिए रखे 5 हजार रुपये भी जबरन छीन लिए।तीन लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्जइस मामले में गोरौल थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मोनू झा सहित तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।








