गोरौल (वैशाली)। सावन मास के दूसरे सोमवार को लेकर क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिल रहा है। बाबा गरीबनाथ धाम (मुजफ्फरपुर) में जलाभिषेक के लिए शिवभक्त कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। गेरुआ वस्त्र पहने श्रद्धालुओं के ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के गगनभेदी नारों से पूरा गोरौल इलाका शिवमय हो चुका है। कांवड़ियों की भारी तादाद के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर केसरिया रंग की मानवीय श्रृंखला सी नजर आ रही है।सहयोग और विश्वास के सहारे बढ़ रहे कदमकांवड़ यात्रा के दौरान मोतीपुर निवासी धीरज कुमार, चंदन कुमार और सरोज कुमार ने बताया कि वे पहलेजा घाट से 101 लीटर गंगाजल लेकर पैदल ही बाबा गरीबनाथ को जलाभिषेक करने निकले हैं। उन्होंने बताया कि वे सभी मित्र बारी-बारी से एक-दूसरे का सहयोग करते हुए भारी कांवड़ को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। आधा रास्ता तय कर चुके कांवड़ियों ने दृढ़ विश्वास के साथ कहा कि आगे की राह भी महादेव आसानी से पार लगा देंगे।सेवा शिविरों में उमड़ी सेवादारों की फौजकांवड़ियों के स्वागत और सुविधा के लिए गोंढ़ीया चौक से लेकर गोरौल चौक और उसके आगे तक जगह-जगह भव्य सेवा शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में सेवा करने वालों की भारी भीड़ दिख रही है। कांवड़ियों के लिए गर्म पानी, नींबू पानी, दूध, चाय और बिस्कुट की निशुल्क व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा सक्रियता दिखाते हुए शिविरों में डॉक्टरों की टीम और मुफ्त दवाओं का वितरण किया जा रहा है।








