गोरौल। प्रखंड क्षेत्र के कटरमाला गांव निवासी सह राम परीक्षण चन्द्र ज्योति उच्च माध्यमिक विद्यालय, वेलबर घाट के पूर्व प्रधानाध्यापक व पूर्व पैक्स अध्यक्ष रघुराज विहारी शरण (75 वर्ष) का उनके पैतृक आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे प्रशासनिक, शैक्षणिक व राजनीतिक हलके सहित स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। दिवंगत शिक्षाविद के अंतिम दर्शन और उनके पार्थिव शरीर को देखने के लिए कटरमाला गांव में ग्रामीणों व उनके शुभचिंतकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों के अनुसार, दिवंगत शरण का अंतिम संस्कार ऐतिहासिक व पवित्र नगरी हाजीपुर के कोनहारा घाट पर किया जाएगा।बताते चलें कि दिवंगत रघुराज विहारी शरण एक कुशल शिक्षाविद होने के साथ-साथ प्रबुद्ध समाजसेवी भी थे। वे अपने जीवन काल में इलाके के गरीबों, शोषितों एवं असहायों की नि:स्वार्थ सेवा करने के लिए काफी चर्चित थे। सहकारिता आंदोलन और पैक्स अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने किसानों के हित में कई सराहनीय कार्य किए थे। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।उनके असामयिक निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों और गणमान्य लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। शोक व्यक्त करने वालों में मुख्य रूप से स्थानीय विधायक सिद्धार्थ पटेल, राजद के वरिष्ठ नेता चितरंजन गगन, स्थानीय मुखिया जानकी देवी, प्रो. कुमारी राजमणि, डॉ. दुखित सिंह, मोहन सिंह, उमेश प्रसाद सिंह सहित दर्जनों प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण शामिल हैं। लोगों ने कहा कि उनके निधन से वैशाली ने एक सच्चा समाजसेवी और मार्गदर्शक खो दिया है।








