गोरौल (वैशाली):देवघर से बाबा बैद्यनाथ पर जल चढ़ाकर लौट रहे एक अज्ञात बुजुर्ग कांवरिया की गोरौल रेलवे स्टेशन पर तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कांवरिया हटिया से गोरखपुर जा रही मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन से वापस लौट रहा था। इसी दौरान गोरौल रेलवे स्टेशन पर अचानक उसकी तबीयत अत्यधिक खराब हो गई। स्थानीय लोगों और सहयात्रियों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोरौल में भर्ती कराया गया। जहाँ प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पहचान की कोशिशें जारी, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा मृतक की उम्र करीब 60 वर्ष बताई जा रही है और वह गेरुआ वस्त्र धारण किए हुए था, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि वह देवघर से पूजा-अर्चना कर लौट रहा था। हालांकि, मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल या दस्तावेज बरामद नहीं होने के कारण खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।थानाध्यक्ष का बयानमामले की जानकारी देते हुए गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि यह घटना रेलवे स्टेशन परिसर की है। रेलवे क्षेत्राधिकार होने के कारण राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए मुजफ्फरपुर भेज दिया है। पुलिस आसपास के स्टेशनों और जिलों में मृतक की तस्वीर साझा कर शिनाख्त की कोशिश कर रही है।








