गोरौल (वैशाली)। प्रखंड परिसर में महान समाज सुधारक संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। इस ऐतिहासिक अवसर पर ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत एक भव्य कलश शोभा यात्रा की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पंकज कुमार निगम ने की।कलश शोभा यात्रा के माध्यम से समाज में समानता और एकजुटता का संदेश दिया गया। इस मौके पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बीडीओ पंकज कुमार निगम ने कहा कि संत रविदास जी के विचार और आदर्श आज के समय में भी बेहद प्रासंगिक हैं। समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए हमें उनके बताए मार्ग पर चलना होगा और उनके प्रगतिशील विचारों को अपने जीवन में उतारना होगा।अनुसूचित टोलों तक पहुंचेंगे संत रविदास के विचारप्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि इस कलश शोभा यात्रा का मुख्य उद्देश्य पूरे प्रखंड की सभी पंचायतों के अंतर्गत आने वाले अनुसूचित जाति टोलों के अंतिम व्यक्ति तक संत रविदास के विचारों और समरसता के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इससे समाज के ताने-बाने को और मजबूती मिलेगी।प्रशासनिक स्तर पर जन कल्याण की बड़ी पहलप्रखंड प्रशासन द्वारा इस अवसर पर एक बड़ी लोक-कल्याणकारी योजना की भी घोषणा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आगामी 27 अगस्त से प्रत्येक बृहस्पतिवार को प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के अनुसूचित जाति बाहुल्य टोलों में ‘संकल्प अभियान’ के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में वैसे अत्यंत पिछड़े और जरूरतमंद परिवारों को चिन्हित किया जाएगा, जिन्हें किन्हीं कारणों से अब तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है। चिन्हित परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।इस गरिमामयी कार्यक्रम में अंचलाधिकारी सीमा रंजन, सीडीपीओ सुरभि कुमारी के अलावा प्रखंड के सभी विकास मित्र, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। पूरा परिसर संत रविदास के जयकारों से गुंजायमान रहा।रिपोर्ट: जाहिद वारसी








