गोरौल (वैशाली)। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार प्रखंड व नगर पंचायत क्षेत्र में अत्यंत हर्षोल्लास, पारंपरिक रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ मनाया गया। भद्रा का साया न होने के कारण सुबह से ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में उत्सव का माहौल देखा गया।इसी क्रम में गोरौल नगर पंचायत निवासी दीपक कुमार सिंह की पुत्री महिमा सिंह ने अपने भाइयों आदविक सिंह और प्रितम कुमार की कलाई पर रेशम की डोर बांधकर उनके दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। महिमा सिंह ने पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार भाइयों के माथे पर कुमकुम और अक्षत का तिलक लगाया, आरती उतारी और कलाई पर आकर्षक राखियां बांधीं।राखी बंधवाने के बाद भाई आदविक सिंह और प्रितम कुमार ने अपनी बहन महिमा सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और जीवन भर हर संकट में उनकी रक्षा करने का अटूट संकल्प लिया। भाइयों ने अपनी बहन को मिठाई खिलाई और विशेष उपहार व शगुन देकर अपना स्नेह व्यक्त किया। इस अवसर पर दीपक कुमार सिंह के पूरे परिवार में हर्ष का माहौल देखा गया।बाजारों में रही भारी रौनक त्योहार को लेकर गोरौल मुख्य बाजार, बेलवर चौक सहित नगर पंचायत के आस-पास के चौराहों पर सुबह से ही मिठाइयों, फलों और उपहारों की दुकानों पर भारी भीड़ देखी गई। कपड़ों और कॉस्मेटिक्स की दुकानों पर भी महिलाओं की अच्छी-खासी चहल-पहल रही। त्योहार के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद दिखा और प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व यातायात के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।








