गोरौल (वैशाली): थाना क्षेत्र के एक गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक विवाहिता को नशीला पदार्थ खिलाकर उसका अश्लील वीडियो बनाया गया और फिर शादी तोड़ने की नीयत से उसे ससुराल वालों को भेज दिया गया। इस संबंध में पीड़िता के भाई ने गोरौल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।शादी के समय भी किया था हंगामादर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पीड़िता की शादी तीन माह पूर्व हुई थी। आरोप है कि शादी के दौरान ही गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने अपने साथियों के साथ मिलकर काफी हंगामा किया था। उस वक्त स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप और समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया गया था।ससुराल वालों को भेजा वीडियो, दी धमकीपीड़िता के भाई ने बताया कि आरोपी इतने पर ही नहीं रुके। करीब एक सप्ताह पहले आरोपियों ने विवाहिता के पति (बहनोई) और अन्य सगे-संबंधियों के मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजना शुरू कर दिया। साथ ही आरोपियों ने खुलेआम धमकी दी कि वे इस शादी को तुड़वाकर ही दम लेंगे।नशा खिलाकर बनाया था वीडियोशिकायत में यह गंभीर आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने महिला को कोई नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया था और उसी अवस्था में उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इस घिनौनी साजिश का मकसद उसकी वैवाहिक जिंदगी को बर्बाद करना है।तीन लोग बनाए गए नामजद अभियुक्तपुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसमें गांव के ही रविन्द्र राय, चुनचुन देवी और मुजफ्फरपुर जिले के फकुली थाना अंतर्गत पंखुरी गांव निवासी राहुल कुमार को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।







