गोरौल (वैशाली)। स्थानीय थाना क्षेत्र के असतपुर मैंभरा गांव में एक बाइक चोर को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस को सौंपने से पहले आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया है। पकड़े गए चोर की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र के कुढ़नी गांव निवासी अजय सहनी के रूप में हुई है।बथान से गायब हुई थी अपाचे बाइकइस मामले को लेकर असतपुर मैंभरा गांव के निवासी कामेश्वर कुमार ने गोरौल थाने में लिखित प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने अपनी अपाचे बाइक को बथान (पशु बांधने के स्थान) पर खड़ा किया था और खुद सोने चले गए थे। इसी बीच घात लगाए चोर ने बाइक उड़ा ली।ग्रामीणों ने खदेड़कर रामदासपुर के पास दबोचाबाइक चोरी होने के कुछ ही देर बाद पीड़ित को सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति उनकी बाइक को स्टार्ट किए बिना, ठेलते हुए रामदासपुर गांव की तरफ ले जा रहा है। सूचना मिलते ही कामेश्वर कुमार ने ग्रामीणों के साथ मिलकर चोर का पीछा करना शुरू किया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी को रामदासपुर गांव के नजदीक दबोच लिया।थानाध्यक्ष का बयान: प्राथमिकी दर्ज, आरोपी का चल रहा इलाजगोरौल थाना प्रभारी सुनील कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों की पिटाई से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं और आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की छानबीन कर रही है।







