गोरौल। विद्युत विभाग की टीम ने गोरौल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में छापेमारी कर अवैध रूप से बिजली चोरी कर रहे दो लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। इस मामले में विभाग के कनीय अभियंता (JE) ललित कुमार द्वारा गोरौल थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, विभाग को चकिया गांव में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर गठित छापेमारी दल ने गांव के लालबाबू सिंह के परिसर में छापेमारी की। जांच में पाया गया कि वे मुख्य एलटी लाइन के पोल से सीधे टोका फंसाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे। इस चोरी से विद्युत विभाग को भारी राजस्व की क्षति हुई है, जिसके एवज में लालबाबू सिंह पर 23,392 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।इसी क्रम में टीम ने गांव के ही विपिन सिंह के यहां भी छापेमारी की। विपिन सिंह भी पोल से सीधे टोका लगाकर बिजली चुराते पकड़े गए। विभाग ने उन पर 11,909 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया है।इस छापेमारी अभियान में कनीय अभियंता ललित कुमार के साथ विद्युत कर्मी दीपक कुमार, गोलू कुमार, गौतम कुमार सहित विभाग के कई अन्य कर्मचारी शामिल थे। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।








