
गोरौल (वैशाली)। स्थानीय थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मौके से पुलिस ने एक महिला धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया है।मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि इस्लामपुर गांव में एक महिला अपने घर से विदेशी शराब बेचने का काला कारोबार कर रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए ठिकाने पर छापेमारी की।भागने का प्रयास विफल, घर से मिली खेपपुलिस की गाड़ी को आते देख एक महिला अपने घर से निकलकर भागने लगी। हालांकि, चौकस पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और खदेड़कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। पकड़ी गई महिला की पहचान इस्लामपुर गांव निवासी अनीता देवी के रूप में हुई है।गिरफ्तारी के बाद जब महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में आरोपी के घर की गहन तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। घर के अंदर से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों की दर्जनों बंद बोतलों में कुल 102 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब की खेप को जब्त करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।







