पटेढ़ी बेलसर (वैशाली)।सरकार और पुलिस प्रशासन को खुलेआम चुनौती देना एक शातिर अपराधी को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री और पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने और धमकी भरा वीडियो पोस्ट करने वाले आरोपी पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।क्या है पूरा मामला?मिली जानकारी के अनुसार, बेलसर थाना क्षेत्र के माधोपुर राम गांव का निवासी सर्वेश चौधरी एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ न्यायालय से एक मामले में वारंट जारी हुआ था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस बीते दिनों उसे गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी, लेकिन वह चकमा देकर मौके से फरार हो गया।वीडियो में दी ‘विकास दुबे’ जैसा अंजाम भुगतने की धमकीफरार होने के अगले ही दिन सर्वेश चौधरी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो बनाकर अपलोड कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उसने खुद को ‘शेर’ बताते हुए कहा कि ‘उसके खिलाफ पहले से एक वारंट था, जिसमें उसने बेल करा लिया है। इसके बाद भी अगर प्रशासन उसके घर आता है, तो वह कुख्यात कानपुर के विकास दुबे जैसा कांड (पुलिस टीम पर हमला) करने से पीछे नहीं हटेगा।’मुख्यमंत्री और शराबबंदी पर की आपत्तिजनक टिप्पणीआरोपी ने न सिर्फ पुलिस प्रशासन को काउंटर करने यानी सीधे हमले की धमकी दी, बल्कि बिहार के मुख्यमंत्री पर भी बेहद आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी की। इसके अलावा उसने सूबे में लागू शराबबंदी कानून को लेकर भी वीडियो में कई अनर्गल बातें कहीं।क्या कहती है पुलिस?इस पूरे सनसनीखेज मामले पर सदर एसडीपीओ (लालगंज) गोपाल मंडल ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि धमकी देने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाला एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। इसके आधार पर बेलसर थाने में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी सर्वेश चौधरी पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने वाले और वर्दी को चुनौती देने वाले अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।








