गोरौल (वैशाली)। गर्मी की छुट्टी के कारण लगभग एक माह से बंद प्राथमिक विद्यालयों के कपाट खुलते ही परिसर एक बार फिर बच्चों की चहल-पहल और शोरगुल से गुलजार हो उठे हैं। विभागीय निर्देश के आलोक में प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, रूसुलपुर कोरीगांव में पहले दिन बेहद खास नजारा देखने को मिला।लंबे अवकाश के बाद स्कूल लौटे बच्चों का स्वागत करने के लिए शिक्षक सुबह से ही मुस्तैद थे। जैसे ही बच्चे विद्यालय प्रांगण में दाखिल हुए, प्रधान शिक्षक धर्मेंद्र कुमार, शिक्षक जितेंद्र कुमार, राजीव कुमार और रसोईया सरिता देवी ने उन पर पुष्प वर्षा की। शिक्षकों ने सभी बच्चों को टीका लगाया और उपहार स्वरूप चॉकलेट देकर उनका भव्य स्वागत किया। अपने गुरुजनों से ऐसा स्नेह और अनूठा स्वागत पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने भी पैर छूकर अपने शिक्षकों का आशीर्वाद लिया।बच्चों के बिना सूना था स्कूल: प्रधान शिक्षकइस मौके पर भावुक होते हुए प्रधान शिक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा, “बच्चों के बिना विद्यालय का प्रांगण बिल्कुल सूना-सूना लग रहा था। जब केवल बच्चों के लिए छुट्टियाँ थीं और हम शिक्षकों को रोजाना स्कूल आना पड़ रहा था, तब बच्चों के बिना समय काटना बेहद मुश्किल हो गया था। आज बच्चों के वापस आने से स्कूल में असली रौनक लौटी है।” पहले दिन विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति काफी अच्छी रही और चारों तरफ केवल उत्साह का माहौल देखा गया।








