गोरौल (वैशाली)। थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर हरशेर गांव से सामाजिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ दबंगों ने एक घर की महिलाओं और बच्चियों के साथ न सिर्फ छेड़छाड़ और मारपीट की, बल्कि विरोध करने पर पीड़िता के घर को आग के हवाले कर दिया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुँचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इस संबंध में मुस्तफापुर हरशेर गांव की निवासी मुनकिया देवी द्वारा थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज मामले के अनुसार, गांव के ही कुछ नामजद आरोपी जबरन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर के अंदर मौजूद चार बच्चियों के साथ छेड़छाड़ की और उन्हें बंधक बना लिया। जब घर के अन्य सदस्यों ने इसका पुरजोर विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और बंधक बनाई गई बच्चियों को दबंगों के चंगुल से मुक्त कराया। लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई के बाद भी आरोपियों का हौसला पस्त नहीं हुआ। अगले ही दिन आरोपियों ने पीड़िता की पोती को अकेले पाकर उसे पकड़ लिया और उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद पुनः गोरौल पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।शनिवार को फूंक दिया आशियाना पुलिस के समझाने के बाद भी आरोपी शांत बैठने को तैयार नहीं थे। शनिवार को सभी आरोपियों ने एक राय होकर पीड़िता के घर पर धावा बोल दिया और उनके आशियाने में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का काफी सामान जलकर राख हो चुका था।चार लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज पीड़ित परिवार की शिकायत पर गोरौल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में गांव के ही लवकुश कुमार, दिलीप पासवान, चंदन कुमार और सुकुल पासवान को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।- रिपोर्ट: जाहिद वारसी








