गोरौल थाना क्षेत्र के सराय अफजल गांव के निकट एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के मांगूराही गांव निवासी वैद्यनाथ शाह के 36 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। वह अपने घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।सामने से आ रही पिकअप ने मारी जोरदार टक्कर मिली जानकारी के अनुसार, विकास कुमार अपनी कार से मुजफ्फरपुर से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सराय अफजल गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उसकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास बुरी तरह जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ विकास की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया है। वह अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था, जिससे पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। इस हृदय विदारक घटना के बाद से वृद्ध माता-पिता बेसुध पड़े हैं। वे किसी से कुछ बोल नहीं रहे हैं और बस आने-जाने वालों को एकटक निहार रहे हैं। उन्हें अब पूरे परिवार के भविष्य और पालन-पोषण की चिंता खाए जा रही है। वहीं, विकास की पत्नी और बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस ने पिकअप जब्त की, चालक की तलाश जारीघटना की सूचना मिलते ही गोरौल थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक गाड़ी छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है।थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो गाड़ियों की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत हुई है। फरार पिकअप चालक की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा।(रिपोर्ट: जाहिद वारसी)








