गोरौल (वैशाली)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में वैशाली जिले के गोरौल थाना क्षेत्र के मधुरापुर नया चौक के पास से पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से शराब की खेप ले जा रही एक पिकअप गाड़ी को भी जप्त किया है।मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल थाने के अवर निरीक्षक अशोक दुबे गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि नया चौक की तरफ से एक पिकअप पर भारी मात्रा में विदेशी शराब लोड कर लाई जा रही है, जिसे इसी थाना क्षेत्र में कहीं खपाया जाना है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मधुरापुर नया चौक के पास नाकेबंदी की।जैसे ही पुलिस टीम नया चौक के पास पहुंची, सामने से आ रही पिकअप गाड़ी के चालक ने पुलिस को देख लिया। पुलिस को सामने पाकर तस्करों में हड़कंप मच गया। चालक, खलासी और गाड़ी के साथ मौजूद अन्य लोग पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि, भाग रहे लोगों की पहचान तुरंत नहीं हो सकी है।जब पुलिस टीम ने लावारिस हालत में छूटी पिकअप गाड़ी (निबंधन संख्या: BR 31G-9814) की सघन तलाशी ली, तो उसमें से कुल 54 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई। मापे जाने पर बरामद शराब की कुल मात्रा लगभग 482 लीटर आंकी गई है। पुलिस ने शराब और पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है।मामले की पुष्टि करते हुए गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मधुरापुर नया चौक से 482 लीटर विदेशी शराब और एक पिकअप जप्त की गई है। उन्होंने कहा कि गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और इस अवैध कारोबार में शामिल मुख्य धंधेबाजों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








