How to Get AdSense Approval for News a Portal
Home » Uncategorized » बिहार » गोरौल में मकई के खेत से 43 कार्टन विदेशी शराब बरामद, दो कारोबारी फरार।

गोरौल में मकई के खेत से 43 कार्टन विदेशी शराब बरामद, दो कारोबारी फरार।

गोरौल (वैशाली)। स्थानीय थाना पुलिस ने शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रामपुर सहोतर गांव के निकट चौर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। मकई के सूखे डंठल (ठठेरा) के ढेर में छिपाकर रखी गई कुल 43 कार्टन शराब जब्त की गई है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 382 लीटर आंकी गई है।मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल थानाध्यक्ष सुनील कुमार और अवर निरीक्षक अशोक दुबे सशस्त्र बल के साथ क्षेत्र में गश्ती पर थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रामपुर सहोतर गांव के चौर में मकई के ठठेरा के टाल में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। कारोबारी इसे ऊंचे दामों पर चोरी-छिपे बेचने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम ने तत्काल चिन्हित स्थान पर छापेमारी की।पुलिस की गाड़ी को आते देख मौके पर मौजूद दो संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। पुलिस बल ने खदेड़कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भौगोलिक स्थिति का लाभ उठाकर दोनों भागने में सफल रहे। पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में फरार दोनों आरोपियों की पहचान स्थानीय थाने के ही रसूलपुर कोरीगाँव निवासी कौशल सिंह एवं भूषण साह के रूप में की गई है।इसके बाद जब पुलिस ने मकई के खेत और ठठेरा के टाल की गहन तलाशी ली, तो वहां से छुपाकर रखे गए 43 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुए। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया है। फरार दोनों नामजद अभियुक्तों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है, जल्द ही दोनों को दबोच लिया जाएगा।

bharatdarshan24
Author: bharatdarshan24

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share This