गोरौल (वैशाली)। थाना क्षेत्र के महमदपुर पोझा गांव में मंगलवार को चापाकल से पानी भरने के दौरान करंट लगने से एक महिला बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद गांव और पीड़ित परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में महिला को इलाज के लिए गोरौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उसका आपातकालीन इलाज चल रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, महमदपुर पोझा गांव निवासी अवधेश राय की 43 वर्षीय पत्नी अनीता देवी मंगलवार को अपने घर के आंगन में स्थित चापाकल पर पानी भरने गई थीं। इसी दौरान चापाकल के पास ही लगी पानी की मोटर में किन्हीं कारणों से करंट उतर आया था। जैसे ही अनीता देवी ने चापाकल को छुआ, वह बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना जोरदार था कि वह बुरी तरह झुलस कर वहीं गिर पड़ीं।महिला की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत मुख्य स्विच से बिजली की आपूर्ति बंद की। इसके बाद अचेत अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, महिला करंट के कारण झुलस गई है और उसे गहन निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार के सभी सदस्य काफी सदमे में हैं।








